मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत मनावर में अगस्त से जनवरी तक लगेंगे विकासखंड स्तरीय शिविर ग्रामीणों की समस्याओं का होगा मौके पर निराकरण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की होगी समीक्षा

*शकील खान मनावर से 9755 4987 52मनावर, जिला धार। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के सफल संचालन को लेकर जिला पंचायत धार द्वारा विस्तृत आदेश जारी कर दिया गया है। कलेक्टर धार के निर्देशानुसार जनपद पंचायत मनावर के अंतर्गत अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक विभिन्न सेक्टरों में विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा तथा जन-शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।आदेश के अनुसार अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त 2026 से होगा तथा 8 जनवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में शिविर लगाए जाएंगे। मनावर विकासखंड के गणपुर, सिंघाना, अजन्दा, खंडलाई तथा टोंकी सेक्टरों की ग्राम पंचायतों में निर्धारित तिथियों के अनुसार शिविर आयोजित होंगे।शिविरों में संबंधित ग्राम पंचायतों के पटवारी, पंचायत सचिव, जीआरएस, ग्राम पंचायत के कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वहीं सेक्टरवार विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को भी अभियान का प्रभारी बनाया गया है, जो शिविरों की मॉनिटरिंग एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश में प्रत्येक सेक्टर के लिए शिविरों की तिथियां, शामिल ग्राम पंचायतों की सूची, प्रभारी अधिकारियों के नाम तथा आयोजन के वारवार कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का मौके पर निराकरण करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।संपूर्ण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनावर श्री प्रमोद सिंह गुर्जर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।