छात्राओं ने किया आंदोलन

रमाकांत मोरे बुरहानपुर /जिले के बहादरपुर स्थित शासकीय आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राएं अपनी प्रमुख समस्याओं को लेकर सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रावास में स्थाई महिला अधीक्षिका (वॉर्डन) की नियुक्ति करने की पुरजोर मांग की।दरअसल छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में वर्तमान में स्थाई महिला अधीक्षिका न होने के कारण उन्हें कई व्यावहारिक, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बालिका छात्रावास होने के नाते महिला अधिकारी का होना बेहद आवश्यक है,

ताकि वे अपनी व्यक्तिगत और अन्य समस्याएं बिना किसी झिझक के साझा कर सकें। स्थाई महिला अधीक्षिका के न रहने से छात्रावास की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।अधीक्षिका के अभाव में समय पर छात्रावास की दैनिक समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता। छात्राओं की बात सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही छात्रावास में महिला अधीक्षिका की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।