सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में हुई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

उज्जैन SJ NEWS इरफान अन्सारी उज्जैन। आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज 1 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम उज्जैन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा की गई।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) गुरु प्रसाद पाराशर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्री आलोक कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश भूरिया सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, घाटों पर सुरक्षा, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, पार्किंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, संचार व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ की तैयारियों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं और व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जाए।