उज्जैन महाकाल थाना पुलिस की संवेदनशीलता से 76 वर्षीय वृद्धा सकुशल परिजनों से मिलीं

इरफान अंसारी उज्जैन। महाकाल थाना पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महाकाल दर्शन के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ी 76 वर्षीय वृद्ध महिला को अंतर-जिला समन्वय और सतत प्रयासों के बाद सकुशल उनके परिवार से मिलवा दिया।जानकारी के अनुसार 31 जुलाई 2026 को गढ़कालिका मंदिर के समीप एक वृद्ध महिला रोती हुई अवस्था में मिली। अंगारेश्वर मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु श्याम शर्मा, निवासी ग्राम लालाखेड़ी (थाना माकड़ोन, जिला उज्जैन) ने मानवता का परिचय देते हुए महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दो कारों से उज्जैन दर्शन के लिए आई थीं, लेकिन भीड़ में बिछड़ गईं।श्रद्धालु द्वारा काफी तलाश के बाद भी परिजन नहीं मिलने पर महिला को सुरक्षित महाकाल थाना लाकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गगन बादल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह एवं पुलिस टीम को तत्काल महिला के परिजनों की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस ने महाकाल मंदिर क्षेत्र, पार्किंग स्थलों एवं आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की।पूछताछ में महिला ने अपना नाम रमाबाई पत्नी गजराज सिंह राजपूत (76 वर्ष) निवासी ग्राम संगवाड़ा, थाना शेगांव माखन, तहसील पंधाना, जिला खंडवा बताया।महिला के बताए पते के आधार पर महाकाल थाना पुलिस ने थाना शेगांव माखन से संपर्क स्थापित किया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई और मोबाइल के माध्यम से उज्जैन आए परिवारजनों से संपर्क हो सका। सत्यापन की आवश्यक कार्रवाई के बाद वृद्ध महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।अपनी बुजुर्ग सदस्य को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने महाकाल थाना पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।उज्जैन पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या थाना महाकाल से संपर्क करें।