वितरण में अव्यवस्था से किसानों में आक्रोश, जांच और कार्रवाई की मांग तेज।सरदारपुर धार से कमल सोलंकी

धार/सरदारपुर। खरीफ सीजन के बीच खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों में असंतोष गहराता जा रहा है। गुरुवार को क्षेत्र के किसान सामाजिक कार्यकर्ता नरसिंह देवला के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे और खाद वितरण में कथित अनियमितताओं तथा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा।किसानों का कहना है कि सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के यहां खाद की उपलब्धता और वितरण प्रक्रिया को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर किसानों से निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक राशि वसूली जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में किसानों ने यह भी कहा कि कृषि कार्य के इस महत्वपूर्ण समय में यदि खाद वितरण व्यवस्था पारदर्शी और सुचारु नहीं हुई तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा।

इसलिए प्रशासन तत्काल प्रभाव से व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।एसडीएम ने किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि खरीफ सीजन में समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी किसानों के हितों की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। ,।।।।।।।।।।।।।।।।