श्रीराम दरबार के पूजन-अर्चन के साथ विहिप जिला अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

गुना । विश्व हिन्दू परिषद जिला गुना द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का शुभारंभ शनिवार को श्री राम दरबार के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। यह अभ्यास वर्ग 25 से 26 जुलाई 2026 तक मणिधारी गार्डन, ए.वी. रोड, गुना में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं संगठन सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभागीय पदाधिकारी गोपाल स्वर्णकार, विहिप जिला अध्यक्ष इमरत सिंह सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण ओझा एवं जिला मंत्री राकेश शर्मा मंचासीन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विभाग संगठन मंत्री वीर सिंह, विभाग मंत्री दिलीपसिंह कुशवाह तथा विभाग सह मंत्री रामवीर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विहिप एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी तथा जिले भर से आए कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।अभ्यास वर्ग का समापन 26 जुलाई (रविवार) को सायं 5 बजे होगा। अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का वैचारिक एवं संगठनात्मक विकास करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाना है।
विहिप विभाग संगठन मंत्री श्री वीर सिंह ने अपने उद्बोधन में संगठन की पुंज व्यवस्था, आयामों का विभाजन तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के दायित्व, कार्यक्षेत्र एवं उत्तरदायित्वों की स्पष्ट जानकारी देते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से निर्धारित कार्य-बिंदुओं के अनुसार कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने संगठन में समन्वय, स्वयं का नियमित मूल्यांकन, समय का समर्पण तथा अनुकरणीय कार्यशैली अपनाने के महत्व पर विशेष बल दिया।