दस्तक अभियान की समीक्षा, प्रगति में तेजी लाने के निर्देश

बुरहानपुर, 23 जुलाई 2026/- गुरुवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में संचालित दस्तक अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले से अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अभियान की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि दस्तक अभियान के तहत प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कुपोषण की पहचान तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने अभियान के दौरान चिन्हित हितग्राहियों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी गतिविधियां पूर्ण करें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित वीडियों कॉन्फ्रेंसिग के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री सृजन वर्मा, सीएमएचओ डॉ. आर.के.वर्मा उपस्थित रहे।