उज्जैन में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत निकली विशाल जन-जागरूकता रैली।


उज्जैन। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सोमवार सुबह जिला पुलिस उज्जैन ने पुलिस कंट्रोल रूम से विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली में करीब 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं सहित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, नगर निगम एवं अन्य शासकीय विभागों के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो”, “स्वस्थ युवा – सशक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। रैली पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर घास मंडी चौराहा, टॉवर चौक, तीन बत्ती चौराहा, ऑफिसर्स कॉलोनी और एलआईसी तिराहा होते हुए पुनः कंट्रोल रूम पहुंची।कार्यक्रम में विधायक अनिल कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, पुलिस अधीक्षक उज्जैन, नगर निगम सभापति कलावती यादव और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नशामुक्त समाज निर्माण के लिए जनसहभागिता को सबसे प्रभावी माध्यम बताया।रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।