लोकेशन कसरावद की मोगावा और टिगरियाव को जोड़ने वाली वेदा नदी पर बनी रपट पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त, लोगों की जान को खतरा

।। रिपोर्टर नवीन रायली बारिश के पानी में बही रपट की स्लैब, सड़क पर बना गड्डा, 4-5 गांवों के लोग प्रतिदिन करते है आवाजाही ग्रामीण बोले—हर साल होती है यही समस्या, स्थायी समाधान नहींकसरावद। क्षेत्र के ग्राम मोगावां और टिगरियावं को जोड़ने वाली वेदा नदी पर बनी रपट पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। तेज बहाव के कारण रपट की स्लैब का एक हिस्सा बह जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को हादसे का खतरा बना रहता है । ग्रामीणों ने संबंधित विभाग, पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र मरम्मत कर स्थायी समाधान की मांग की है।ग्राम टिगरियावं निवासी संजय यादव ने बताया कि इस रपट से टिगरियावं, लेपा सहित चार से पांच गांव के लोग प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। ऐसे में रपट की स्लैब का कुछ हिस्सा बहने से बने गड्ढे के कारण राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढे में फंसकर संतुलन खो रहे हैं।ग्रामीण देवेंद्र वर्मा, कान्हा वर्मा और कुनाल वर्मा ने बताया कि वेदा नदी

पर बनी इस रपट की यही स्थिति लगभग हर वर्ष बारिश के मौसम में बन जाती है। तेज बहाव में रपट का कुछ हिस्सा बह जाता है और बड़े गड्ढे बन जाते हैं। बारिश समाप्त होने के बाद केवल मुरूम डालकर गड्ढों को भर दिया जाता है, लेकिन स्थायी मरम्मत या मजबूतीकरण का कार्य कभी नहीं किया जाता। परिणामस्वरूप हर मानसून में लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पंचायत और जनप्रतिनिधियों से तत्काल क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत कराने तथा रपट का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।