स्वच्छता में कोई समझौता नहीं, जरूरत पड़ी तो होगी सख्त कार्रवाई: सेना महेश पटेल

जिला ब्यूरो अलीराजपुर से महेश गणावा की रिपोर्ट / विशेष अभियान के तहत वार्ड 9, 11 एवं 12 में सफाई, हैंडपंप सुधार, नोटिस और जनसुविधा कार्यआलीराजपुर। नगरपालिका परिषद आलीराजपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जनसुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान के अंतर्गत नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला ने नगरपालिका अमले के साथ वार्ड क्रमांक 9, 11 एवं 12 का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों की समस्याओं को मौके पर ही सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।अभियान के दौरान जयश्री मैडम के घर से लेकर सर्वेश्वर मंदिर एवं सोरवा नाले तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नालियों की गहन सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जमा कचरे को अध्यक्ष सेना महेश पटेल स्वयं मौके पर खड़ी रहकर साफ करवाती रहीं तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनसुविधा के तहत लंबे समय से बंद पड़े दो हैंडपंपों को तत्काल सुधारकर चालू कराया गया। वहीं सर्वेश्वर मंदिर के पास राहगीरों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्पीड ब्रेकर हटवाया गया।निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन मकानों के बाहर सड़क एवं नालियों पर रेत, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री फैली मिलने पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मलबा फैलाने वालों पर अर्थदंड (जुर्माना) लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही शहर में स्थित खाली प्लॉटों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। ऐसे सभी प्लॉट मालिकों को अपने प्लॉट के चारों ओर तार फेंसिंग कराने के निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि उनमें कचरा न फेंका जाए और गंदगी फैलने से रोका जा सके।अध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिए कि नालियों के ऊपर किसी प्रकार के स्थायी ओटले या अवरोधक निर्माण न किए जाएं, क्योंकि इससे नियमित साफ-सफाई और जल निकासी बाधित होती है। ऐसे मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कहा, “स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। हमारा लक्ष्य आलीराजपुर के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। यदि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए सख्त कार्रवाई करनी पड़ी तो नगरपालिका पीछे नहीं हटेगी। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न रहे।”उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे कचरा केवल डस्टबिन में डालें, सड़कों एवं नालियों पर निर्माण सामग्री न फैलाएं, खाली प्लॉटों की नियमित सफाई रखें तथा स्वच्छता अभियान में नगरपालिका का सहयोग करें। जनसहयोग से ही आलीराजपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाया जा सकता है।