चन्द्र शेखर आजाद नगर में छात्रावासों के रिक्त पदों पर प्रवेश प्रक्रिया संपन्न, मेरिट के आधार पर होगा चयन : विधायक सेना महेश पटेल

जिला ब्यूरो अलीराजपुर से महेश गणावा की रिपोर्ट चंद्रशेखर आजाद नगर। शासकीय छात्रावासों में रिक्त पदों पर प्रवेश प्रक्रिया को लेकर रविवार को चंद्रशेखर आजाद नगर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने की। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया को शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि छात्रावासों में प्रवेश का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट सूची के आधार पर की जाए तथा अनाथ, दिव्यांग एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को शासन के प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसी भी योग्य बच्चे का हक न मारा जाए।उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को न्याय मिले। किसी भी प्रकार की सिफारिश या पक्षपात के लिए इस प्रक्रिया में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी रहे और प्रत्येक निर्णय नियमों के अनुरूप लिया जाए।विधायक ने छात्रावास अधीक्षकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों के प्रति अभिभावक जैसा व्यवहार रखें। उन्हें सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण प्रदान करें, ताकि वे बिना किसी चिंता के मन लगाकर पढ़ाई कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा तो वे भविष्य में अपने माता-पिता, क्षेत्र एवं जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रवेश प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखते हुए शासन के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।