मुख्य बाजार में जलभराव से व्यापारियों में आक्रोश

शकील खान मनावर से 9755 498 752*वार्ड 14 की आंगनवाड़ी तक पहुंचने के लिए बच्चों को पार करना पड़ रहा कीचड़*मनावर, धार। बारिश की शुरुआत के साथ ही मनावर नगर में जलभराव की समस्या ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। हल्की बारिश में ही नगर का मुख्य बाजार पानी से भर जाता है, जिससे व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि नेहरू पार्क के पीछे हाल ही में बनी सड़क के आसपास नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है। नतीजतन मुख्य बाजार में पानी जमा हो जाता है। व्यापारियों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो पानी दुकानों में घुस सकता है, जिससे लाखों रुपये का सामान खराब होने का खतरा है।व्यापारियों ने नगर पालिका से तत्काल नालियों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो पूरे वर्षा काल में व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा और आम लोगों की परेशानियां भी बढ़ेंगी।

*वार्ड 14 की आंगनवाड़ी तक पहुंचना बना चुनौती* नगर के वार्ड क्रमांक 14 में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र तक पहुंचने वाला मार्ग भी बदहाल स्थिति में है। बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से होकर आना-जाना पड़ रहा है। इससे बच्चों के गिरने, चोट लगने और बीमार होने का खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के प्रमुख इलाकों में सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें बनाई जा रही हैं, जबकि आदिवासी बहुल वार्डों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका सवाल है कि आखिर इन मासूम बच्चों की परेशानी का जिम्मेदार कौन है?*जुनी मनावर-देवला मार्ग पर भी परेशानी* क्षेत्रवासियों के अनुसार यह मार्ग जुनी मनावर से देवला तक जाने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव के कारण राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।*लोगों की मांग* स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष, संबंधित पार्षद एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मांग की है कि मुख्य बाजार और वार्ड क्रमांक 14 में तत्काल नालियों की सफाई, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों और स्कूली एवं आंगनवाड़ी बच्चों को राहत मिल सके।