थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

खरगोन जिला ब्यूरो ✍️ चीफ जीतू पटेल लोकेशन बड़वाह/*बड़वाह। बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने और विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सेफ क्लिक अभियान” के अंतर्गत गुरुवार बड़वाह के निर्मल विद्यापीठ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।थाना प्रभारी श्री राठौर ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी लिंक, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग और ऑनलाइन फ्रॉड जैसे कई तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग या एटीएम संबंधी जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ उपयोग करें।उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का प्रयास हो तो घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें तथा संबंधित पुलिस थाने या साइबर पोर्टल पर इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों को अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, साइबर अपराधों को रोकना तथा सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक तैयार करना रहा।
