एसपी के निर्देशन में जिला बदर बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे, आदेश की अवहेलना पर सीधा पहुंचा जेल

।एक साल के लिए किया गया था निष्कासित, फिर जिले में मिला तो मुंदी पुलिस ने किया गिरफ्तार।खंडवा पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में मुंदी थाना क्षेत्र की बीड़ चौकी पुलिस ने जिला बदर आदेश की अवहेलना करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, बीड़ निवासी दिनेश उर्फ पप्पू पिता गणेश कुनबी को जिला दंडाधिकारी ने लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण एक वर्ष के लिए खंडवा सहित बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, देवास, बैतूल और हरदा जिले से निष्कासित किया था।इसके बावजूद पुलिस की चेकिंग के दौरान वह बिना किसी वैध अनुमति के अपने ही घर में मिला। जिला बदर आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर मुंदी थाना पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 एवं बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में बीड़ चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम मालवीय, प्रधान आरक्षक महेंद्र पाटीदार और आरक्षक सुजीत की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।