27 जून से बीना–गुना–रुठियाई पैसेंजर के चार फेरे शुरू, सांसद हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

गुना गुना। क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बहुप्रतीक्षित ट्रेन संख्या 61611/12 बीना–गुना–रुठियाई के चार फेरे 27 जून से शुरू होने जा रहे हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद 27 जून को शाम 6:40 बजे गुना रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर बीना के लिए रवाना करेंगे।इस संबंध में सुनील आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन के चारों फेरे शुरू होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों तथा दैनिक अप-डाउन करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीना और रुठियाई स्टेशन पर अन्य ट्रेनों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के कारण क्षेत्र का महानगरों से सीधा जुड़ाव भी मजबूत होगा।आचार्य ने बताया कि यह सुविधा लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की प्रमुख मांग रही है, जिसके पूरा होने से यात्रियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी तथा व्यापारिक और शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए रेल प्रशासन, रेल मंत्रालय एवं क्षेत्रीय सांसद के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।