भाजपा कार्यकर्ता की पीड़ा देख आगे आए विधायक सेना महेश पटेल,आदिवासी विकास परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ₹50 हजार की सहायता देकर पेश की मानवता की मिसाल

*चन्द्र शेखर आजाद नगर से महेश गणावा की रिपोर्ट आलीराजपुर। राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का परिचय देते हुए जोबट विधायक सेना महेश पटेल एवं महेश भाई पटेल ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता राजेंद्रसिंह कनेस (राजू भाई) की आर्थिक सहायता कर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।जानकारी के अनुसार ग्राम उदयगढ़ निवासी पूर्व सरपंच राजेंद्रसिंह कनेस मुंह के कैंसर से पीड़ित हैं और वर्तमान में गुजरात के वागोडिया स्थित मुनि आश्रम अस्पताल में उपचाररत हैं। उनकी बीमारी एवं आर्थिक संकट को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें उनके कठिन समय में सहयोग की अपील की गई थी।वायरल पोस्ट की जानकारी मिलते ही विधायक सेना महेश पटेल एवं महेश भाई पटेल ने राजेंद्रसिंह कनेस से दूरभाष पर संपर्क कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल निजी स्तर पर ₹25 हजार तथा स्वेच्छानुदान मद से ₹25 हजार की सहायता उपलब्ध करवाई। साथ ही मुख्यमंत्री सहायता निधि से आर्थिक सहयोग दिलाने के लिए कलेक्टर को भी पत्र प्रेषित किया गया है।उल्लेखनीय है कि राजेंद्रसिंह कनेस का परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। कुछ समय पूर्व उनके पुत्र की गंभीर बीमारी के उपचार में भी परिवार को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ा था। ऐसे में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी ने परिवार की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल एवं महेश भाई पटेल ने कहा कि उनके लिए दल और विचारधारा से पहले मानवता सर्वोपरि है। संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही जनप्रतिनिधि और समाजसेवी का वास्तविक दायित्व है।क्षेत्र में लंबे समय से जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए पहचाने जाने वाले विधायक सेना महेश पटेल एवं महेश भाई पटेल की इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर की गई यह सहायता समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली है।