घोरबई पंचायत में विकास कार्यों की खुली पोल, निर्माण के अगले दिन ही ध्वस्त हुई नाली

अमरपाटन ज्ञानेंद्र कुमार यादव की खबर/ ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री और भ्रष्टाचार के लगाए आरोप, जांच की मांग तेज*मैहर। जनपद पंचायत मैहर अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरबई में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत घोरबई में नाली निर्माण का कार्य पिछले लगभग एक माह से चल रहा था। बताया जा रहा है कि 10 से 15 जून के बीच निर्माण कार्य पूर्ण हुआ, लेकिन निर्माण पूरा होने के अगले ही दिन 16 जून को कंधी लाल कोल के घर के पास बनी नाली का हिस्सा ध्वस्त हो गया। नई नाली के इतनी जल्दी टूट जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नाली टिकाऊ साबित नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि पंचायत क्षेत्र में लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद जनपद पंचायत और संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।अब देखना यह होगा कि जनपद पंचायत मैहर और संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करते हैं या नहीं।