कुएं में गिरी जंगली नीलगाय, ग्रामीणों और वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

मंदसौर माणक लाल प्रजापत मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूढ़ा में शुक्रवार सुबह एक जंगली नीलगाय किसान के कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए तथा नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए।ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभागीय अमला भी मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। बताया जा रहा है कि नीलगाय पानी की तलाश या खेतों की ओर जाते समय अनियंत्रित होकर खुले कुएं में गिर गई।घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा रस्सियों एवं अन्य संसाधनों की सहायता से नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता नीलगाय को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकालना है।फिलहाल रेस्क्यू कार्य जारी है और वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों ने क्षेत्र के खुले कुओं पर सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।