सांदीपनि विद्यालय शाहपुर में नवीन सत्र में प्रवेश प्रारंभ

बुरहानपुर जिले के शाहपुर नगर में मध्य प्रदेश शासन के स्कुल शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है अब केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी ही नहीं बल्कि निजी स्कूलों के छात्र भी सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे। अब तक केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा था। किंतु सत्र 2026-27 के लिए जारी प्रवेश निर्देशों के पालन में सांदीपनि विद्यालय शाहपुर के सेमिनार हॉल में प्राचार्य महोदय द्वारा बैठक का आयोजन किया गया जिसमें प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा। प्राचार्य द्वारा कई अहम विषयों पर चर्चा की गई जिसमें यू डाइस एवं अपार आईडी पर शतप्रतिशत कार्य करने हेतु प्रेरित किया। प्रवेश संबंधी निर्देशों में निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं जो सांदीपनि विद्यालय शाहपुर में प्रवेश लेना चाहते हैं उन्हें अब प्रवेश दिया जा सकेगा। अतः विद्यालय में कक्षा नर्सरी एलकेजी एवं यूकेजी हिंदी माध्यम के साथ अंग्रेजी माध्यम में भी प्रवेश दिया जा रहा है। कक्षा पहली से पांचवी तक आरटीई के नियमों के अनुसार प्रवेश दिए जाएंगे। निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत पढ़ चुके और कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी सांदीपनि विद्यालय शाहपुर में कक्षा नवमी में प्रवेश के पात्र होंगे। इस क्षेत्र से लगे वे शासकीय एवं निजी विद्यालय जहां केवल हाई स्कूल स्तर का अध्ययन होता है एवं उसके पश्चात हायर सेकेंडरी के लिए अन्यत्र जाना पड़ता है ऐसे विद्यालय के छात्र-छात्राए भी सांदीपनि विद्यालय शाहपुर में प्रवेश ले सकेंगे। पहले से मौजूद दूर-दराज के विद्यार्थियों एवं शाहपुर के विद्यार्थियों को विद्यालय लाने हेतु सुचारू रूप से बस का संचालन किया जावेगा। उक्त जानकारी विद्यालय मीडिया प्रभारी श्री रविंद्र चांदने के द्वारा प्राप्त हुई।