पानसेमल तहसील के अतिथि शिक्षकों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन,, लंबित वेतन एवं प्रशिक्षण भत्ते की मांग

राजु गायकवाड़ जिला ब्यूरो चीफ✍️पानसेमल:- बड़वानी जिले में आयोजित शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिथि शिक्षकों को भी शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने के बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा विभाग के आदेश का पालन किया और प्रशिक्षण में सहभागिता की।अतिथि शिक्षकों का कहना है कि जब-जब शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों या प्रशिक्षण के लिए निर्देशित किया गया है, तब-तब उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अप्रैल माह से अतिथि शिक्षकों की सेवाएं समाप्त होने के बाद भी उन्होंने विभागीय आदेश का सम्मान करते हुए प्रशिक्षण में भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान पानसेमल तहसील के अतिथि शिक्षकों ने स्थानीय विधायक श्याम बर्डे को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में पिछले सत्र के अप्रैल माह के लंबित वेतन के भुगतान की मांग की गई। साथ ही प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए स्वयं के खर्च पर आने वाले अतिथि शिक्षकों को टीए/डीए (यात्रा एवं दैनिक भत्ता) प्रदान करने की मांग भी रखी गई।अतिथि शिक्षकों ने विधायक से अनुरोध किया कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मध्य प्रदेश अतिथि शिक्षक संघ के 10 से 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात करवाने में सहयोग करें, ताकि अतिथि शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों पर सकारात्मक चर्चा हो सके।विधायक श्याम बर्डे ने अतिथि शिक्षकों को आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे।इस अवसर पर मध्य प्रदेश अतिथि शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष साहेबराव पाटिल, सुनील बर्डे, विकास परदेसी, गोपाल चौहान, जामसिंग ब्राह्मणे, संजय डुडवे सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।