विश्व नेत्रदान दिवस पर सामाजिक संस्था ने की पहल, अधिवक्ताओं एवं नागरिकों ने भरे नेत्रदान घोषणा पत्र

रिपोर्टर नवीन रायली कसरावद,विश्व नेत्रदान दिवस 10 जून पर नगर की सामाजिक संस्था जनसमृद्धि फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे नेत्रदान जनजागरण अभियान के अंतर्गत समाज के जागरूक नागरिकों एवं अधिवक्ताओं ने नेत्रदान संकल्प एवं घोषणा पत्र भरकर मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया

।संस्था द्वारा नेत्रदान दिवस पर नेत्रदान के लिए सामाजिक जागरूकता लाने के उद्देश्य से नेत्रदान घोषणा पत्र भरवाए। इस कार्य में नगर के वरिष्ठ अभिभाषक अश्विन जोशी, अक्षय सिंह राठौर, ब्रजेश व्यास, अवधेश पंवार, सतीश बाथम, राधेश्याम यादव एवं हेमेंद्र सेठाणा ने नेत्रदान का संकल्प लेते हुए घोषणा पत्र भरे तथा समाज के नागरिकों से भी इस महादान में सहभागी बनने का आह्वान किया।संकल्पकर्ताओं ने कहा कि नेत्रदान ऐसा महादान है जो मृत्यु के पश्चात भी किसी के जीवन में प्रकाश भर सकता है। एक नेत्रदाता दो नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि प्रदान कर सकता है। यह केवल दान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है।जन समृद्धि फाउंडेशन के सामाजिक कार्यकर्ता विजय राठौड़ एवं सुधीर सराफ ने सभी संकल्पकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए समाज के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। फाउंडेशन का उद्देश्य नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाई जा सके।नेत्रदान महादान है।”जब आपकी आँखें बंद होंगी, तब किसी और की दुनिया रोशन हो सकती है।”