धमनार रोड पर बस और मालवाहक टेंपो की टक्कर, बड़ा हादसा टला
जिला न्यूज रिपोर्ट माणक लाल प्रजापत

दलौदा। दलौदा थाना क्षेत्र के नगरी-धमनार मार्ग पर मंगलवार को एक बस और मालवाहक टेंपो के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना सड़क के एक खतरनाक मोड़ पर हुई, जहां दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियां वाहनों की आवाजाही के दौरान दृश्यता को प्रभावित करती हैं। मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन अचानक दिखाई देने से चालक समय पर वाहन नियंत्रित नहीं कर पाते, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थान लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है। यहां पूर्व में भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम करने की दिशा में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। हादसे में वाहनों को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से मांग की है कि दुर्घटना संभावित इस मोड़ पर तत्काल झाड़ियों की सफाई कराई जाए, चेतावनी संकेतक लगाए जाएं और सुरक्षा के अन्य आवश्यक उपाय किए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में यह स्थान किसी बड़े और जानलेवा हादसे का कारण बन सकता है।