बीपीकॉन-2026, चेन्नई में प्रिशियस लाइफकेयर हॉस्पिटल बुरहानपुर के डॉ. अरविंद कुमार को राष्ट्रीय सम्मान

रमाकांत मोरे/ इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन (InSH) की फेलोशिप से हुए सम्मानित*बुरहानपुर। प्रिशियस लाइफकेयर हॉस्पिटल बुरहानपुर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉक्टर अरविंद कुमार को चेन्नई में आयोजित BPCON-2026 (वार्षिक राष्ट्रीय हाइपरटेंशन सम्मेलन) के दौरान इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन (InSH) की प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के क्षेत्र में निरंतर चिकित्सकीय उत्कृष्टता, शैक्षणिक सहभागिता तथा चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया जाता है। देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में आयोजित इस सम्मेलन में नवीनतम शोध, उपचार पद्धतियों एवं आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर फेलोशिप प्राप्त करना डॉक्टर अरविंद कुमार तथा बुरहानपुर के लिए गर्व का विषय है। प्रिशियस लाइफकेयर हॉस्पिटल के डॉक्टर अरविंद कुमार ने कहा कि उच्च रक्तचाप आज हृदयाघात, स्ट्रोक, किडनी रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। ऐसे में समय पर जांच, सही उपचार एवं जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज की बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए और अधिक समर्पण एवं नवीनतम वैज्ञानिक ज्ञान के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस उपलब्धि पर उन्होंने अपने गुरुजनों, परिवार, सहयोगियों एवं सभी मरीजों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रिशियस लाइफ केयर हॉस्पिटल, बुरहानपुर के प्रबंधन एवं समस्त टीम का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने उन्हें BPCON-2026, चेन्नई में सहभागिता का अवसर प्रदान किया और निरंतर प्रोत्साहित किया। प्रिशियस लाइफ केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर अरविंद कुमार ने संकल्प व्यक्त किया की वे सम्मेलन से प्राप्त नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ क्षेत्र के मरीजों तक पहुँचाकर उन्हें उच्च गुणवत्ता की, प्रमाण-आधारित चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत, मित्रों एवं शुभचिंतकों एवं प्रिशियस लाइफकेयर हॉस्पिटल की पूरी टीम ने उन्हें मिठाई खिलाकर एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।