शिक्षा के साथ सेवा और संस्कार भी आवश्यक – अरुण यादव

सुभाष यादव मेमोरियल डिग्री महाविद्यालय बोरावां में प्रवेश उत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित।। रिपोर्टर नवीन रायली , सुभाष यादव मेमोरियल डिग्री महाविद्यालय, बोरावा में प्राचार्य डॉ. एन.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन में शनिवार 1 अगस्त को नव प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु प्रवेश उत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अभिमुखीकरण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवागत विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों से परिचित कराया ।संस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री अरुण यादव द्वारा विद्यार्थियों को प्रेषित अपने प्रेरक संदेश में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करते हुए अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सतत परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण का सबसे बड़ा आधार है और महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है । मुख्य अतिथि डॉ. अनिता शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, खरगोन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने, नवाचार और व्यक्तित्व निर्माण का स्वर्णिम काल है। उन्होंने वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हुए नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी मंच है।प्राचार्य डॉ. एन.पी. मिश्रा ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन प्रो. सावन धनगर ने किया। इस अवसर पर प्रो. रानू यादव, प्रो. दिव्या यादव, प्रो. माया यादव, डॉ. मोनिका अग्रवाल सहित महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग तथा बड़ी संख्या में नव प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा एवं सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ।
