शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 किलो डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

मंदसौर न्यूज रिपोर्ट: माणक लाल प्रजापतमंदसौर जिला शामगढ़। मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब जा रही एक कार से 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान हरियाणा और पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने डोडाचूरा के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है।पुलिस अधीक्षक मंदसौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना शामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर दो व्यक्ति पंजाब की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सपरखांडी के समीप आठ लेन हाईवे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कार से करीब 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन में सवार कुलविंदर सिंह (45 वर्ष) निवासी जिला पटियाला, पंजाब तथा जोगा सिंह (56 वर्ष) निवासी जिला कैथल, हरियाणा को मौके से गिरफ्तार कर लिया।बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि जब्त की गई कार की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। शामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।