एकल के दस दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का हुआ समापन

गुना। स्वावलंबी स्वाभिमानी भाव जगाना है चलो गांव की और हमें फिर देश बनाना है इस उद्देश को लेकर एकल अभियान मध्यभारत संभाग चंबल भाग अंचल गुना का टेकरी परिसर में आयोजित दस दिवसीय आवासीय नवीन आचार्य अभ्यास वर्ग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक नितिन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में समापन हुआ। एकल अभियान प्रभाग पी 7 जागरण शिक्षा प्रभारी विकास जैन नखराली ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 जुलाई से आरंभ हुए वर्ग में नवीन आचार्यों को पंचमुखी शिक्षा का प्रशिक्षण दिया गया जिसमें प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, जन जागरण, ग्राम विकास और संस्कार शिक्षा सहित योग ओर पर्यावरण, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्यों का पालन कराने में एकल आचार्यों की महती भूमिका पर महत्व दिया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक नितिन अग्रवाल ने कहां कि ये वर्ग आपको अहम से वयम की ओर ले जाने के लिए होते है इस वर्ग से पहले आप एक सामान्य जीवन जी रहे थे परंतु अब आपके जीवन का एक उद्देश्य तय हो गया है। अंचल अध्यक्ष मनीष भार्गव ने कहा कि हमारे आचार्यो को गांव गांव में पहुंचकर बच्चों को संस्कार शिक्षा देकर चरित्र निर्माण कर राष्ट्र का अच्छा नागरिक बनाना है जब भारत के गांव गांव में ऐसा होगा तब ये राष्ट्र अपने परम वैभव को प्राप्त करेगा। हरि कथा अध्यक्ष घनश्याम रघुवंशी ने आचार्यों को कहा कि बच्चों के माध्यम से गाँव में नशामुक्ति की अलख जगाने का कार्य भी अवश्य करे जब बच्चे ही घर के बुजुर्गों को रोकेंगे तब तेजी से सुधार आएगा। विकास जैन ने बताया कि समापन पर सभी आचार्यों ने दस दिवसीय वर्ग के संस्मरण सुनाए और समिति द्वारा उन्हें भेंट स्वरूप रामायण जी भेंट की गई।