बेखौफ बदमाश, घर के बाहर टहल रही महिला डॉक्टर के गले से मंगलसूत्र झपटा शहर में लगातार बढ़ रही हैं लूट की वारदातें

शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले एबी रोड पर बीती रात एक महिला डॉक्टर से बाइक सवार बदमाशों द्वारा मंगलसूत्र झपट लेने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के अनुसार, महावीरपुरा निवासी डॉ. रश्मि दीक्षित (47) पत्नी अनिल कुमार शुक्ला सोमवार रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद अपने बड़े बेटे इशांत शुक्ला के साथ घर के बाहर एबी रोड पर टहल रही थीं। तभी टाटा मोटर्स के सामने, वंदना स्कूल के पास कुशमौदा की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश आए। बदमाशों ने तेजी से डॉक्टर रश्मि के गले पर झपट्टा मारा और सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाशों की बाइक पर एमपी 08 जेड अकेला लिखा हुआ था, लेकिन नंबर प्लेट टूटी होने के कारण बाकी के अंक नहीं पढ़े जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। – शहर में थम नहीं रहा वारदातों का सिलसिला गुना शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी और झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। हाल ही में भार्गव कॉलोनी में सुबह-सुबह घर के बाहर झाड़ू लगा रही एक महिला के गले से भी तीन बाइक सवार युवक मंगलसूत्र खींचकर भाग गए थे, हालांकि तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने देर शाम उन्हें दबोच लिया था। – मुनिश्री के अगवानी जुलूस में भी जमकर हुई थी चोरी इससे पहले, 3 जून को राष्ट्रीय संत जैन मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के भव्य अगवानी जुलूस के दौरान भी बदमाशों ने जमकर उत्पाद मचाया था। उस समय भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और नकदी से भरे पर्स पार कर दिए थे, जिनका पुलिस आज तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। शहरवासी अब पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।