नवनिर्मित मार्ग से निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी, 20 जुलाई तक कार्य पूरा करने के निर्देश

उज्जैन | SJ NEWSरिपोर्ट: इरफान अंसारी📞 9425096974 उज्जैन। महापौर मुकेश टटवाल ने गुरुवार को छत्री चौक से सत्यनारायण मंदिर तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 जुलाई तक सभी शेष निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि इस वर्ष बाबा महाकाल की सवारी नवनिर्मित मार्ग से सुरक्षित एवं सुगमता के साथ निकाली जा सके।निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य अंतिम चरण में है।

परियोजना के अंतर्गत भवन हटाने, प्रीकास्ट नालियों का निर्माण, धार्मिक स्थलों का विस्थापन, हरियाखेड़ी परियोजना की लाइन शिफ्टिंग, पेयजल पाइपलाइन, विद्युत पोल स्थानांतरण, टाटा सीवरेज कार्य, क्रॉस ड्रेनेज, चौराहा सौंदर्यीकरण, भवन मार्किंग, पेवर ब्लॉक एवं सड़क निर्माण जैसे अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि बाबा महाकाल की सवारी मार्ग एवं सिंहस्थ महापर्व की शाही पेशवाई मार्ग को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार करने में निगम की पूरी टीम सराहना की पात्र है। उन्होंने बताया कि अधिकारी एवं कर्मचारी दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि 20 जुलाई तक सभी शेष कार्य स्थायी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य कैलाश प्रजापत, रजत मेहता, कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी, सहायक यंत्री डी.एस. परिहार, उपयंत्री राजेंद्र रावत एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।