बढ़ती महगाई में भी एक ऐसी दुकान जहां नाश्ते का हर आइटम 5 रु में

पंडित नंदन शर्मा मनावर। महंगाई के इस दौर में जहां अधिकांश होटल और नाश्ते की दुकानों पर प्रति आइटम की कीमत ₹10 से बढ़ाकर ₹15 या उससे अधिक कर दी गई है, वहीं मनावर-इंदौर रोड स्थित भरडपुर पेट्रोल पंप के सामने एक ऐसी दुकान आज भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जहां हर नाश्ते की आइटम मात्र ₹5 में उपलब्ध कराई जाती है।इस दुकान के संचालक मनोहर बुंदेला का कहना है कि भूखे व्यक्ति को भोजन या नाश्ता कराना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि उन्हें यह सेवा और संस्कार अपने पूर्वजों से विरासत में मिले हैं। उनका मानना है कि लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है, इसलिए उन्होंने कभी अधिक मुनाफे को प्राथमिकता नहीं दी।मनोहर बुंदेला बताते हैं कि भले ही प्रति आइटम कम लाभ मिलता हो, लेकिन ग्राहकों का विश्वास, यात्रियों का स्नेह और अधिक बिक्री के कारण उनका काम अच्छी तरह चल रहा है। वे कहते हैं,

“ऊपर वाले की कृपा और जनता के अपार प्रेम से आज तक मुझे कभी नुकसान नहीं हुआ। कम मुनाफे में भी लोगों की सेवा कर पाना मेरे लिए सबसे बड़ी कमाई है।”इंदौर रोड से गुजरने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच मनोहर बुंदेला की दुकान वर्षों से अपनी सादगी, उचित कीमत और स्वादिष्ट नाश्ते के लिए पहचान बना चुकी है। आज मनावर में नाश्ते की बात हो और मनोहर बुंदेला का नाम न आए, ऐसा शायद ही कभी होता हो।महंगाई के इस समय में मनोहर बुंदेला का यह प्रयास न केवल सामाजिक सेवा का उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि यदि सेवा का भाव सच्चा हो तो कम मुनाफे में भी लोगों का दिल जीता जा सकता है। भरडपुर मनावर से संभागीय ब्यूरो चीफ पंडित नंदन शर्मा की खास खबर