नागरिकों की शिकायतों पर एक्शन मोड में आईं नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ज्ञापन

*जिला ब्यूरो अलीराजपुर से महेश गणावा की रिपोर्ट/ मिलते ही अधिकारियों-कर्मचारियों की ली मैराथन बैठक, 6 से 9 जुलाई तक चलेगा विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान; लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाईआलीराजपुर। नगर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, जर्जर सड़कों, अतिक्रमण, अव्यवस्थित यातायात एवं मुख्य मार्गों पर लगने वाले सब्जी बाजार जैसी समस्याओं को लेकर नागरिक मोर्चा समिति ने नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर की बदहाल व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने उसी दिन नगरपालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आपात बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने नगर की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के सख्त निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जुलाई से 9 जुलाई तक पूरे नगर में विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सभी वार्डों में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान संचालित होगा। नालियों की विशेष सफाई, जमे हुए कचरे का उठाव, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना, जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत, अनावश्यक एवं अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकर हटाना तथा नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे।इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरे नगर में फॉगिंग एवं दवा (एंटी-लार्वा) का व्यापक छिड़काव कराया जाएगा। नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मुख्य मार्गों पर लगने वाली सब्जी दुकानों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं बीच बाजार में यातायात बाधित करने वाले ठेला-गाड़ी संचालकों को भी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा जहां आवश्यकता होगी वहां नाली निर्माण, पेयजल (नल) संबंधी समस्याओं का निराकरण तथा अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया जाएगा।इस अवसर पर सेना महेश पटेल ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर आलीराजपुर बनाना केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा, “नगर की जनता ने जो विश्वास हम पर जताया है, उस पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासनिक अमले को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसहयोग से हम आलीराजपुर को स्वच्छ, सुंदर, अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित नगर बनाएंगे।”

