भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: ब्राह्मण समाज सहित दर्जनभर संगठनों ने सिंधिया को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

गुना। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब सामाजिक और राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शनिवार को गुना के ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भौंपुरा विहार निवासी भरत तिवारी की पुलिस द्वारा निर्मम हत्या की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भरत तिवारी के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता और भरण-पोषण की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।ज्ञापन पर नगर के विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। इनमें मुस्लिम समाज, वाल्मीकि समाज, कुशवाह समाज, खटीक समाज, सेन समाज, कश्यप समाज, रंगरेज समाज, अधिकार समाज, पेंशनर्स संघ सहित करीब दर्जनभर सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हैं।ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी पर अनावश्यक आरोप लगाना नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाना है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।