विरोधी दल में होने के बावजूद नारायण त्रिपाठी को “बड़े भाई” कहकर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने जीता लोगों का दिल

अमरपाटन ज्ञानेंद्र कुमार यादव की खबर /*मैहर की राजनीति में जहां चुनावी मुकाबलों और राजनीतिक मतभेदों की चर्चा अक्सर होती रहती है, वहीं मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने अपने एक बयान से राजनीतिक शालीनता और व्यक्तिगत संबंधों की नई मिसाल पेश की है। हाल ही में भोपाल प्रवास के दौरान एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में जब उनसे पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी के साथ संबंधों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सहजता और मुस्कुराहट के साथ जवाब दिया। श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि नारायण त्रिपाठी उनके लिए बड़े भाई के समान हैं और वे समय-समय पर उनसे मिलने का प्रयास भी करते रहते हैं। यह बयान इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि दोनों नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं और चुनावी मैदान में एक-दूसरे के आमने-सामने भी रहते हैं। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद व्यक्तिगत सम्मान और आत्मीयता बनाए रखने की यह भावना लोगों को काफी पसंद आ रही है साक्षात्कार का यह अंश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग श्रीकांत चतुर्वेदी की सादगी, विनम्रता और राजनीतिक परिपक्वता की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के दौर में, जब राजनीति में कटुता और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप आम बात हो गई है, ऐसे बयान लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति को मजबूत करने का काम करते हैं। राजनीतिक जानकारों की माने तो मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों और सम्मान को बनाए रखना ही एक परिपक्व जनप्रतिनिधि की पहचान होती है। मैहर विधायक का यह बयान इसी सोच को दर्शाता है कि राजनीति अपनी जगह है और आपसी सम्मान व भाईचारा अपनी जगह। यही कारण है कि उनके इस वक्तव्य के सामने आने के बाद क्षेत्र में उनकी खूब सराहना हो रही है।